अमृतसर। दुबई से लौटे छह मुसाफिरों से श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डेढ़ किलो सोना बरामद हुआ है। यह सोना उन्होंने जैकेट और स्वेटर के नीचे छुपा रखा था। कस्टम विभाग की टीम ने उन्हें दबोचकर सोना बरामद कर लिया।
कस्टम विभाग के सूत्रों के मुताबिक शारजाह और दुबई से फ्लाइट संख्या 6ई -048 और 6ई -1996 अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंची। सामान की चेकिंग में छह यात्रियों को संदिग्ध पाया गया। तलाशी लेने पर जब कुछ नहीं मिला तो कस्टम अधिकारियों ने जैकेट और स्वेटर आदि उतरवा कर तलाशी ली तो पता चला यह सोने की चेन और कड़ों के रूप में सोने की तस्करी कर रहे थे।
कस्टम विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर बलबीर सिंह मांगट ने बताया कि इन यात्रियों की तलाशी लेने के दौरान इनके कब्जे से सोने के 15 कड़े और एक चेन बरामद हुई। सोने का कुल वजन 1532.9 किलो पाया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 70 करोड़ रुपये आंकी गई है। मांगट ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।