कपूरथला गांव चक्क कोटला के मानवरहित फाटक के पास ट्रेन की टक्कर से क्षतिग्रस्त इंडिगो कार।
- फोटो : amarujala
गांव डडविंडी के पास गांव चक्क कोटला के मानवरहित फाटक पर शनिवार की दोपहर बारह बजे फिरोजपुर-अहमदाबाद जम्मूतवी एक्सप्रेस से इंडिगा कार टकरा गई। हादसे में कार में सवार फूफा-भतीजे की मौत हो गई। दोनों डडविंडी में शादी समारोह में शिरकत करने आए हुए थे और शादी के संदर्भ में सौदा लेने के लिए लोहियां जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही कपूरथला रेलवे पुलिस चौकी के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
रेलवे पुलिस चौकी के एएसआई जसप्रीत सिंह ने बताया कि हरजाप सिंह निवासी गांव जग्गा (नडाला) अपने ससुराल डडविंडी में शादी समारोह में शिरकत करने आाए थे। शनिवार की दोपहर बारह बजे वह अपने भतीजे लवप्रीत सिंह पुत्र मनजीत सिंह निवासी डडविंडी के साथ शादी समारोह के लिए सामान लेने के लिए लोहियां खास जा रहे थे।
जब वह ताशपुर फाटक के पास पहुंचे तो वह बंद मिला। इस पर उन्होंने गांव चक्क कोटला के मानवरहित फाटक से निकलने की कोशिश की। इसी बीच फिरोजपुर की तरफ से आ रही फिरोजपुर-अहमदाबाद जम्मूतवी एक्सप्रेस से टक्कर हो गई। ट्रेन की टक्कर से इंडिगो कार क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लिए दोनों घायलों को सिविल अस्पताल सुल्तानुर लोधी ले गए। वहां हरजाप सिंह की मौत हो गई। हालत गंभीर होने पर लवप्रीत सिंह को कपूरथला रेफर कर दिया, जिसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हरजाप व लवप्रीत में आपस में फूफा-भतीजा थे।
उधर हादसे के बाद ट्रेन वहीं खड़ी हो गई। रेलवे पुलिस ने रास्ता साफ कराकर ट्रेन को अगले पड़ाव के लिए रवाना कराया। बताया गया कि मृतक नौजवान लवप्रीत सिंह के चाचा के बेटे जसप्रीत सिंह की आठ मई रविवार को शादी थी और सुबह श्री सुखमणि साहिब का पाठ कराने के बाद दोनों फूफा-भतीजा शादी से संबंधित सामान लेने के लिए लोहियां खास जा रहे थे।
फूफा हरजाप सिंह विजिलेंस में कार्यरत थे। सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए हैं। लवप्रीत सिंह अपने माता-पिता का इकलौटा बेटा था और उसके पिता की इटली में कुछ समय पहले मौत हुई थी। हादसे से डडविंडी में मातम छा गया है। खुशियां वाले घर में एकदम से सन्नाटा पसर चुका है।