अमृतसर। शहर में लूटपाट की वारदात के दौरान विरोध करने पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। घटना मंगलवार देर रात शिवाला इलाके के पास हुई। गोली व्यक्ति के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी उससे नकदी और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। घायल व्यक्ति का नाम इंद्रप्रीत है और होलसेल दवाईयों का कारोबार करता है।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, देर रात बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने व्यक्ति को घेर लिया और उससे सामान छीनने लगे। व्यक्ति ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस वारदात में इस्तेमाल बाइक और आरोपियों के भागने के रास्ते से जुड़े सुराग भी जुटा रही है।