ड्रोन के जरिये पाकिस्तान में बैठे तस्करों की ओर से गिराई गई थी, तस्कर भी दबोचे
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पुलिस ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के जरिये पाकिस्तान से भेजी गई 23 किलो से अधिक हेरोइन जब्त की गई। इस कार्रवाई में तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
थाना लोपोके पुलिस, बीएसएफ इंटेलिजेंस विंग और 100 बटालियन बीएसएफ ने संयुक्त अभियान चलाया। गांव लोदीगुज्जर निवासी सुखमनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया। एसएचओ जसदीप सिंह की अगुवाई में हेमतपुरा-लोपोके रोड पर नाकाबंदी की गई थी। सूचना मिली थी कि सुखमनप्रीत पाकिस्तान से हेरोइन और हथियार मंगवाता है। गांव सैदपुरा की सड़क पर नाकाबंदी कर उसे पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 13 किलो हेरोइन, एक पिस्तौल और मैगजीन मिली।
अन्य तस्करों की गिरफ्तारी
घरिंडा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को पकड़ा। सरकारी बाग के पास जीटी रोड पर नाकाबंदी के दौरान गुरबख्शीश सिंह उर्फ बख्शीश और बिक्रमजीत सिंह गिरफ्तार हुए। उनके कब्जे से 10 किलो 18 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी जब्त की है। आरोपी पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में थे। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।