रविवार देर रात गांव कोठे काला संघिया के टी-प्वाइंट पर तीन बाइक सवार संतुलन खोने से हादसे का शिकार हो गए। इनमें से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक ने किसी तरह मोबाइल फोन से पारिवारिक सदस्यों को दुर्घटना की सूचना दी।
सूचना पाकर मदद के लिए घटना स्थल जा रहे एक अन्य सदस्य को भी एक तेजरफ्तार कार ने कुचल दिया। जिसकी इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। चौकी भुलाणा पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रणजीत सिंह निवासी गांव वाटांवाली, गुरविंदर सिंह और मनजिंदर निवासी आलूवाल थाना कबीरपुर एक बाइक पर सवार होकर रविवार की देर रात कपूरथला जा रहे थे।
जब वह गांव कोठे काला संघिया के नजदीक पहुंचे तो सामने से आ रही एक गाड़ी की तेज रोशनी आंखों में पड़ने से बाइक चालक युवक संतुलन खो बैठे। उनकी बाइक सीधे सड़क के किनारे एक वृक्ष से जा टकराई। इस टक्कर में गुरविंदर सिंह व रणजीत सिंह की मौके पर मौत हो गई।
उनका तीसरा साथी मनजिंदर सिंह बुरी तरह से घायल हो गया। वह काफी देर तक मदद के लिए तड़पता रहा पर किसी ने उसकी मदद नहीं की। आखिरकार घायल मनजिंदर सिंह ने हिम्मत जुटाकर मोबाइल फोन से अपने पारिवारिक सदस्य रेहमा को सूचना दी।
रेहमा सिंह घटना स्थल पर पहुंचने के लिए निकल पड़ा। वह उनके करीब पहुंचने वाला था कि दूसरी ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मारकर कुचल डाला। इससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। सूचना मिलते ही हुसैनपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई रेहमा को अस्पताल ले जाया गया और उसने वहां दम तोड़ दिया। घायल मनजिंदर सिंह को जालंधर में रेफर कर दिया गया।