तरनतारन। जिले में बाइक सवार तीन लुटेरों ने दो स्थानोें पर दो लोगों को गोलियां मारकर घायल कर दिया। दोनों वारदातों में लुटेरे बैग और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। गांव दिलावरपुर के रहने वाले पूर्व सैनिक बलविंदर सिंह झब्बाल स्थित स्टेट बैंक में गार्ड तैनात है। वह बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के बाद घर जा रहे था। कस्बा शेरों के पास बाइक पर सवार तीन लुटेरों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। बलविंदर सिंह ने जब बाइक नहीं रोकी तो आरोपियों ने पीछे से गोलियां दाग दीं। बलविंदर सिंह गोली लगने से घायल हो गए। उनका हैंड बैग लेकर लुटेरे फरार हो गए।
दूसरी वारदात गांव खब्बे राजपूता के के पास हुई। पटियाला जिले के कस्बा समाना का निवासी मंदीप सिंह एटीएम रिपेयर करने का काम करता है। वह काम के सिलसिले में सरहाली जा रहा था। बसंत फिलिंग स्टेशन के पास बाइक सवार इन्हीं तीन लुटेरों ने उसे रुकने का इशारा किया। मंदीप सिंह ने जब अपनी एक्टिवा तेज की तो आरोपियों ने दो गोलियां मारकर उससे बैग छीन लिया। सब डिवीजन पट्टी के डीएसपी कुलजिंदर सिंह ने बताया कि दोनों घायलों को तरनतारन व अमृतसर के निजी अस्पतालों में दाखिल करवाया गया है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार लुटेरों की तस्वीरें आई हैं। उनकी तलाश की जा रही है।
हाईवे पर हथियार लेकर घूम रहे लुटेरों को वीडियो पुलिस को मिला
पुलिस के पास मंगलवार को एक वीडियो पहुंचा है। इसमें नेशनल हाईवे पर नकाबपोश लुटेरे लाठियां और तलवारें लेकर घूम रहे हैं। वीडियो में लुटेरे टार्च का इशारा कर बाइक रुकवा रहे हैं। बाइक सवार जब लुटेरों के चुंगल से भागा तो आरोपियों ने पीछे से लाठियां मार उसे गिराने का प्रयास किया। एसएसपी ध्रुमन एच निंबाले ने बताया कि वीडियो की जांच की जा रही है। जिले में रात के समय 45 के करीब नाके लगते हैं। राष्ट्रीय मार्ग पर भी चौकसी बढ़ाई जा रही है।