आईएसआई के इशारे पर आतंकी नेटवर्क ने तैयार की थी योजना
अमृतसर में आरपीजी-22 लॉन्चर मिलने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस थानों, सरकारी प्रतिष्ठानों और राजनीतिक नेताओं को निशाना बनाने की आतंकी साजिश का खुलासा हुआ है। इस योजना के तहत आरपीजी-22 नेटो एंटी टैंक रॉकेट लॉन्चर पंजाब पहुंचाया गया था। 10 नवंबर 2026 को अमृतसर देहाती पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई में यह लॉन्चर बरामद किया।
जांच में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और विदेश में बैठे आतंकी हैंडलरों की भूमिका सामने आ रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि लॉन्चर किस विदेशी हैंडलर के निर्देश पर पंजाब पहुंचा और इसे कौन लोग इस्तेमाल करने वाले थे। गिरफ्तार सात आरोपियों के मोबाइल फोन, विदेशी संपर्कों और हथियारों की सप्लाई चेन की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या आरोपियों ने किसी पुलिस प्रतिष्ठान या नेता के ठिकाने की रेकी की थी। गिरफ्तार आरोपियों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। उनसे दो ग्लॉक पिस्तौल और 106 कारतूस जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 7.904 किलो हेरोइन, 5.152 किलो अफीम और करीब 2.344 किलो आइस भी बरामद हुई है। पांच मोबाइल फोन, ड्रोन और जीपीएस ट्रैकर भी जब्त किए गए हैं।
पहले भी हुए आरपीजी हमले :
पंजाब में पहले भी रॉकेट लॉन्चर से हमले हो चुके हैं। 9 दिसंबर, 2022 को तरनतारन के सरहाली पुलिस थाने पर रॉकेट दागा गया। 6 अप्रैल, 2025 को बटाला के किला लाल सिंह पुलिस थाने पर भी आरपीजी हमला हुआ था। एनआईए की जांच में प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े विदेश में बैठे हैंडलरों की भूमिका सामने आई थी। अक्तूबर 2025 में भी लॉन्चर मिला था। 21 अक्तूबर 2025 को अमृतसर देहाती पुलिस ने मेहकदीप सिंह और आदित्य को गिरफ्तार कर आरपीजी-22 लॉन्चर बरामद किया था। उस समय पुलिस ने बताया था कि आरोपी पाकिस्तान की आईएसआई से जुड़े ऑपरेटिव के संपर्क में थे। उन्हें दिवाली के आसपास लक्षित आतंकी हमला करने की जिम्मेदारी दी गई थी। हथियार ड्रोन के माध्यम से सीमा पार से पहुंचाया गया था।