थाना दोरांगला के अधीन पड़ते सीमावर्ती गांव कानां में संदिग्ध फोन कॉल आने से दहशत का माहौल है। मामले की जानकारी पर पुलिस ने जगह-जगह नाके लगाकर वाहनों की की छानबीन शुरू कर दी है। एसएसपी का कहना है पुलिस मुस्तैद है और डरने की कोई बात नहीं है।
गांव कानां निवासी बलजिंदर शर्मा पुत्र दोलत राम शर्मा के मोबाइल नंबर पर शनिवार की रात करीब 8:18 बजे पाकिस्तान से मोबाइल नंबर +337553443465 से काल आई। कोई तकनीकी खराबी होने के कारण बात नही हो सकी।
उसके बाद दोबारा रात 8:26 बजे काल आई। करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम असलम गोगा बताया और बलजिंदर शर्मा से कहा कि गांव के पास एक काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी पर अपने आदमी भेज दिये है, उन्हें बताई गई जगह पर पहुंचा देना। इसके बाद फोन कट गया।
बलजिंदर शर्मा ने बात को गंभीरता से लेते हुए थाना दोरांगला के प्रभारी से संपर्क किया और मामले की पूरी जानकारी दी। इस पर कार्यकारी एसएचओ तिलक राज ने कार्रवाई करते हुए सीमावर्ती गांव कानां को सील कर दिया और जगह-जगह पर नाके लगा दिए।
इसके बाद काल के बारे में सारी जानकारी एसएसपी को मुहैया कराई। इस संबंध में एसएसपी गुरदासपुर जगदीप सिंह हुंदल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाके के लोगों को डरने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस लोगों की हिफाजत के लिए तत्पर है। जगह-जगह पर पुलिस के नाके लगा दिए गए हैं और आने जाने वाली गाड़ियों की बारीकी से छानबीन की जा रही है।