गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में गुरुवार देर रात छात्रों और सुरक्षा कर्मचारियों के बीच जमकर हंगामा हुआ। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान सुरक्षा कर्मी ने विश्वविद्यालय के कानून विभाग में पीएचडी कर रही छात्रा को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद विश्वविद्यालय के छात्र भड़क गए और उन्होंने विश्वविद्यालय के गेट पर धरना शुरू कर दिया। यह धरना सुबह 11 बजे तक चलता रहा। आखिर सुरक्षा कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने व उसे पद से निलंबित करने के आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने धरना उठाया।
पीएचडी छात्रा हरप्रीत कौर ने बताया था कि वह देर शाम को जैसे ही हॉस्टल जाने के लिए यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर पहुंची तो सिक्योरिटी गार्ड अर्जुन सिंह ने पहचान पत्र मांगा। जब उसने पहचान पत्र दिखाया तो उसकी डेट एक्सपायर होने के कारण सिक्योरिटी गार्ड उससे बहस करने लगा। जब उसने मोबाइल पर नए पहचान पत्र की सॉफ्ट कॉपी दिखाई तो उसने मोबाइल छीन लिया। इस पर दोनों में बहस हो गई और गार्ड ने उसे थप्पड़ मार दिया। गार्ड ने उसके साथ हाथापाई भी की।
छात्रा ने इसकी जानकारी अपने सहयोगियों को दी, जिसके बाद सभी हॉस्टलों के स्टूडेंट्स मुख्य गेट पर एकत्रित हो गए। स्टूडेंट्स ने इसकी शिकायत लिखित रूप से वाइस चांसलर डॉ. जसपाल सिंह संधू को भी दी, जिसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन व स्टूडेंट्स के बीच रातभर कई बैठकें हुईं।
छात्र इस मांग पर डटे रहे कि सुरक्षा कर्मचारी अर्जुन सिंह को पद से निलंबित किया जाए। वहीं सारे घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जाए। सुबह मौके पर आए डीन छात्र कल्याण डॉ. प्रीत मोहिंदर सिहं बेदी ने विद्यार्थियों को सुरक्षा कर्मचारियों के खिलाफ निलंबित कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।