अमृतसर। गांधी ग्राउंड तथा खालसा कॉलेज ग्राउंड में एक दिवसीय रिच बुक जूनियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। गांधी ग्राउंड में ब्राइटलैंड और एसएसवी अकेडमी के बीच मैच खेला गया। इसमें एसएसवी ने ब्राइटलैंड एकेडमी को दस विकेट से पराजित किया । ब्राइटलैंड एकेडमी ने 32 ओवर में 10 विकेट खोकर 128 रन बनाए। गेंदबाज मनप्रीत ने 16 रन देकर तीन विकेट हड़पे। वहीं, हरमन ने 20 रन देकर ब्राइटलैंड के तीन विकेट हासिल किए। जवाब में एसएसवी ने बिना कोई विकेट खोए 130 रन बनाकर मैच जीत लिया। दोनों ओपनिंग बल्लेबाजों आयरन और आयुष ने 50 और 60 रन बनाए।
दूसरा मैच खालसा कॉलेज ग्राउंड में भनोट ग्यारह और हरभजन सिंह क्रिकेट अकेडमी के बीच खेला गया। भनोट इलेवन ने हरभजन सिंह क्रिकेट अकेडमी को पराजित कर मैच जीत लिया। पहले खेलते हुए हरभजन सिंह अकेडमी ने कुल 113 रन बनाए, जिसके जवाब में भनोट इलेवन ने 30 ओवर खेलकर आठ विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाकर मैच जीत लिया। इस मौके पर अमृतसर गेम्स एसोसिएशन के पूर्व सचिव सुरेंद्र अर्जुन, मुख्यातिथि राकेश अरोरा, अमन रणदेव, गुरबीर चढ़ा, प्रीतम सिंह और तेजपाल सिंह मौजूद रहे।