अमृतसर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएनओ) के सेक्रेटरी जरनल को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व को समर्पित 2021 को ‘अंतरराष्ट्रीय मानवीय अधिकार’ वर्ष के रूप मान्यता दी जाए।
यूएनओ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को लिखे पत्र में बीबी जागीर कौर ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी ने मानवता के लिए अपनी शहादत देकर दुनिया के धार्मिक इतिहास में एक स्वर्ण अध्याय लिखा। गुरु साहिबान की शहादत धार्मिक आजादी को जिंदा रखने के लिए एक बड़ी कुर्बानी है। गुरु साहिबान की शहादत ने पूरी दुनिया को मानवीय अधिकारों की सुरक्षा व धार्मिक आजादी को सुनिश्चित बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गुरु साहिबान का 400वां प्रकाश पर्व एक मई को है। एसजीपीसी देश-दुनिया में गुरु साहिबान के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में धार्मिक समागम का आयोजन कर रही है। गुरु साहिबान की मानवता के प्रति कुर्बानी को देखते हुए 400वें प्रकाश पर्व को समर्पित कर वर्ष 2021 को अंतरराष्ट्रीय मानवीय अधिकार के रूप में मनाया जाए।