संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर की टीम ने पाकिस्तान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पवनदीप सिंह निवासी गांव बेहड़वाल के रूप में हुई है। आरोपी से 5.032 किलो हेरोइन बरामद की गई।
काउंटर इंटेलिजेंस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पवनदीप विदेशी हैंडलर हरपाल सिंह के निर्देश पर काम कर रहा था। हरपाल सिंह अमृतसर ग्रामीण का रहने वाला है। इन दिनों वह अमेरिका में रह रहा है। वह पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में है और सीमा पार से कई बार नशा और हथियारों की खेप मंगवा चुका है। इस मामले में थाना एसएसओसी, अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के पीछे और आगे के लिंक का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि इस मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इसके और भी साथियों को गिरफ्तार किया जाएगा।