बैठक में शामिल होने पहुंचे थे काहनेके, सचिवालय के पत्र का हवाला देकर बाहर भेजा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। श्री अकाल तख्त साहिब के निर्देशों के बाद बुधवार को एसजीपीसी की अंतरंग कमेटी की बैठक हुई। सदस्य मिट्ठू सिंह काहनेके को इसमें शामिल नहीं होने दिया गया। श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय ने पत्र का हवाला देकर उन्हें बैठक से बाहर भेजा।
सचिवालय ने काहनेके और एसजीपीसी सदस्य जसवंत सिंह पुड़ैन से सीएम मान से मुलाकात पर स्पष्टीकरण मांगा है। स्पष्टीकरण मिलने तक दोनों को एसजीपीसी की बैठकों में शामिल होने से रोका गया है। 15 जून 2026 को श्री अकाल तख्त साहिब के निर्देशों के बावजूद दोनों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। इसी कारण उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया।
बैठक में प्रवेश न मिलने पर मिट्ठू सिंह काहनेके ने इसे लोकतांत्रिक अनदेखी बताया। जसवंत सिंह पुड़ैन ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से अमरजीत चावला मामले में मुलाकात की। उन्होंने मामले की पारदर्शी जांच की मांग की। पुड़ैन जल्द ही अपना स्पष्टीकरण श्री अकाल तख्त साहिब को भेजेंगे।