एक बच्चे के लिए चल रहे सरकारी एलीमेंटरी स्कूल भलाईपुर पर शिक्षा विभाग ने ताला जड़ दिया है। इसमें पढ़ने वाले एकमात्र बच्चे को समीपवर्ती सरकारी एलीमेंटरी स्कूल भंडाल दोनां में शिफ्ट कर दिया गया है। इस सेशन में स्कूल में तालाबंदी रहेगी। अगले सेशन में अगर बच्चे पर्याप्त संख्या में हुए तो स्कूल को दोबारा शुरू किया जा सकता है।
सरकारी एलीमेंटरी स्कूल भलाईपुर में इस सेशन में केवल एक ही बच्चे जगदीप ने एडमिशन लिया था। जगदीप को पढ़ाने के लिए शिक्षक कमलजीत सिंह आते थे। जिस दिन जगदीप छुट्टी कर लेता था, उस दिन शिक्षक को खाली कुर्सी और मेज के सामने पूरा दिन बैठकर अपनी ड्यूटी निभानी पड़ती थी।
मामला मीडिया में आया तो डीसी जसकिरण सिंह ने डीईओ एलीमेंटरी गुरचरण सिंह मुल्तानी को स्थिति का जायजा लेने के लिए भेजा। डीईओ ने अपनी टीम के साथ ग्राम पंचायत, शिक्षक और वहां रहने वाले लोगों से जानकारी हासिल की। इसके बाद ग्राम पंचायत ने प्रस्ताव पारित करके स्कूल को बंद करने की सिफारिश की।
अब सरकारी एलीमेंटरी स्कूल भलाईपुर पर शिक्षा विभाग ने ताला जड़ दिया है। डीईओ एलीमेंटरी गुरचरण सिंह मुल्तानी ने कहा कि इस सेशन में तो स्कूल बंद कर दिया गया है। अगर नए सेशन में पर्याप्त बच्चों की स्ट्रैंथ होती है तो शिक्षा के अधिकार कानून के तहत स्कूल को दोबारा खोला जा सकता है।