ब्यास रेलवे स्टेशन पर श्री हजूर साहिब को रवाना होने के लिए पहुंची संगत।
- फोटो : amarujala
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र श्री हरगोबिंदपुर की संगत को तख्त श्री हजूर साहिब के दर्शन कराने के लिए बुधवार को ट्रेन 9 बजे ब्यास रेलवे स्टेशन से नांदेड के लिए रवाना हुई। इस मौके पर ब्यास रेलवे स्टेशन खालसयी जयकारों से गूंज उठा।
स्पेशल ट्रेन को मुख्य संसदीय सचिव देस राज धुग्गा, डीसी गुरदासपुर प्रदीप सभरवाल, सुखबीर वाहला, जत्थेदार गुरिंदरपाल सिंह गोरा, एसडीएम बटाला सौरव अरोड़ा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्य संसदीय सचिव, उनकी पत्नी सुखजीत कौर धुग्गा और उनके पुत्र जुझार सिंह भी संगत के साथ श्री हजूर साहिब के लिए दर्शनों के लिए गए। दर्शन करने जा रही संगत में पूरा उत्साह था और जिला प्रशासन ने ब्यास रेलवे स्टेशन को पूरी तरह सजाया था।
बैंड पार्टी ने मनमोहक धुनों से संगत का स्वागत किया। धुग्गा ने बताया हजूर साहिब के दर्शनों के लिए विधान सभा क्षेत्र श्री हरगोबिंदपुर के 1000 श्रद्धालु जा रहे हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए सारे प्रबंध पंजाब सरकार ने किए हैं।