रेलवे स्टेशन के निकट स्थित लिबर्टी मार्केट में शनिवार को एक दुकान के बाहर खड़े एक कंपनी के सेल्समैन से अज्ञात लुटेरों ने दो लाख 32 हजार रुपये लूट लिये।
पुलिस ने पीड़ित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। उधर, आरोपियों की तलाश में शहर की नाकाबंदी करने के बावजूद लुटेरे पकड़ में नहीं आए।
पेशे से सेल्समैन गांव माहल निवासी विशाल कुमार ने बताया कि वह सिविल अस्पताल के पास स्थित एक कंपनी के डीलर बांसल सेल्स एजेंसी में कलेक्शन व मार्केटिंग का काम करता है। देर शाम वह लिबर्टी मार्केट में कलेक्शन के लिए गया था।
जैसे ही वह एक दुकान से बीस हजार रुपये की राशि बैग में डाल कर बाहर निकला, दुकान के बाहर खड़े दो युवकों ने उसका बैक झपट लिया और भाग निकले। लुटेरे मार्केट के बाहर खड़े एक बाइक सवार के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गए। बैग में दो लाख 32 हजार 770 रुपये थे।