संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। शहीद मदन लाल ढींगरा के 117वें शहीदी दिवस पर कैबिनेट मंत्री रवजोत सिंह ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार केंद्र सरकार के माध्यम से ब्रिटेन सरकार से ढींगरा की निशानियां उनकी जन्मभूमि अमृतसर लाएगी।
ढींगरा के 117वें शहीदी दिवस को समर्पित राज्य स्तरीय समारोह अमृतसर गोलबाग में आयोजित किया गया। मंत्री रवजोत सिंह ने यह भी बताया कि शहीद स्मारक का सुंदरीकरण किया जाएगा। इसे अमृतसर के पर्यटन मानचित्र में शामिल किया जाएगा। इससे लोग उनकी कुर्बानी से परिचित हो सकेंगे। पूर्व मंत्री लक्ष्मी कांता चावला ने कहा कि ढींगरा ने देश की आजादी के लिए जीवन बलिदान कर एक मिसाल कायम की। भारतवासी इस पर गर्व करते हैं। विधायक अजय गुप्ता ने स्मारक के लिए अपना दो माह का वेतन देने की घोषणा की।
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि सरकार शहीदों के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने अपना पदभार शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में संभाला था। उन्होंने जोर दिया कि शहीदों ने हमें आजादी दिलाई है। इसे बरकरार रखना हमारा फर्ज है। समारोह में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। पंजाब पुलिस बैंड ने भी धुनें बजाकर श्रद्धांजलि दी। टाउन हॉल में भी एक समारोह आयोजित किया गया था।