कार्रवाई न होने से परेशान होकर उठाया कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। दुकान और जमीन के विवाद में कार्रवाई न होने से परेशान एक परिवार ने सोमवार को भंडारी पुल पर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते हस्तक्षेप कर उन्हें रोक लिया। पुलिस ने परिवार की शिकायत सुनी और मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
परिवार का आरोप है कि यह विवाद करीब आठ साल से चल रहा है। विवाद कोट बाबा दीप सिंह इलाके की छज्जू मल्ल गली में एक दुकान और उससे जुड़ी जमीन को लेकर है। पीड़ित परिवार के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2009 में यह दुकान अपने भतीजे दिनेश से खरीदी थी। दुकान उनके नाम पर पंजीकृत है और जमीन की रजिस्ट्री भी करवाई गई थी। महिला ने आरोप लगाया कि रमेश, दिनेश और बंटी नामक लोग उन्हें दुकान खाली करने के लिए धमकाते हैं। महिला का यह भी आरोप है कि उसके बेटे के खिलाफ झूठा मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। बेटे को छुड़ाने के लिए ही वह लखनऊ से वापस आई है। परिवार ने कई महीनों से पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। पुलिस अधिकारियों ने परिवार की शिकायत सुनने के बाद जांच का भरोसा दिया है। अब पुलिस दुकान-जमीन के दस्तावेज, रजिस्ट्री और दोनों पक्षों के दावों की जांच करेगी। यह जांच विवाद के समाधान के लिए अहम होगी।