पंजाब के अमृतसर में बॉर्डर सिक्युरिटी फोर्स के जवानों ने भारत-पाक सीमा पर सोमवार को 9 घंटों के दौरान दूसरा पाकिस्तानी ड्रोन पकड़ा है। बीएसएफ जवानों ने यह दोनों पाकिस्तानी ड्रोन अमृतसर जिला के सीमांत गांव मुहावा और धनोए खुर्द के बाहर स्थित धान के खेतों से बरामद किए हैं।
बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक बीएसएफ की टुकड़ी ने सोमवार सायं सीमांत गांव धनोए खुर्द के आसमान में पाकिस्तान की ओर से आए ड्रोन की आवाज सुनी। उसे रोकने के लिए फायर किए। इसके कुछ समय बाद ही ड्रोन की आवाज बंद हो गई।
इसके तुरंत बाद ही बीएसएफ के जवानों ने पूरे इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया। सर्च अभियान में सायं करीब छह बजे जवानों ने धनोए खुर्द गांव के बाहर स्थित धान के एक खेत से क्वाडकॉप्टर माडल डीजेआई माविक-3 क्लासिक (चीन में निर्मित ड्रोन) बरामद किया।
इससे पहले बीएसएफ की टुकड़ी ने अमृतसर जिले के ही सीमांत गांव मुहावा के धान के एक खेत से इसी तरह का एक ड्रोन बरामद किया। बल के जवान सुबह इलाके में गश्त कर रहे थे कि उन्हें गांव के बाहर स्थित धान के किसी खेत में ड्रोन होने की सूचना मिली।
जिसके तुरंत बाद बीएसएफ के जवानों ने पंजाब पुलिस के साथ मिलकर गांव में सर्च शुरू कर दी। सुबह करीब 9.15 बजे चीन में निर्मित पाकिस्तानी क्वाडकॉप्टर मॉडल डीजेआई माविक-3 क्लासिक (चीन में निर्मित) बरामद किया।