ऑपरेशन ब्लू स्टार के 31 साल पूरे होने पर होने वाले आयोजनों और संगठनों के
अमृतसर बंद की कॉल से निबटने के लिए पुलिस प्रशासन ने गुरुनगरी में
सुरक्षा कड़ी कर दी है। दूसरे शहरों से पहुंचे 1500 और अमृतसर सिटी के 1000
पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
शुक्रवार को पुलिस
कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख और अन्य अधिकारियों ने एसजीपीसी के पदाधिकारियों
के साथ बैठक की। इस दौरान छह जून को होने वाले कार्यक्रमों के दौरान कोई
अप्रिय घटना न हो, इस पर एसजीपीसी से पूर्ण सहयोग मांगा गया।
श्री
हरमंदिर साहिब कांप्लेक्स में 500 से अधिक पुलिस कर्मचारी सिविल वर्दी में
तैनात कर दिए गए हैं। एसजीपीसी ने भी 200 के करीब टास्क फोर्स और अपने
कर्मचारी परिसर के अंदर अलग-अलग स्थानों पर तैनात किए है। पुलिस ने श्री
हरमंदिर साहिब के आसपास के व्यस्त बाजारों में फ्लैग मार्च किया।
शहर
में चार टी प्वाइंट रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हाल गेट और कोतवाली को अति
संवेदनशील समझा जा रहा है। यहां 100-100 पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख और डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस परमपाल सिंह ने
सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। बाद दोपहर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक
की गई। उन्होंने तेजा सिंह समुंदरी हाल में एसजीपीसी सचिव और अन्य
पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
पुलिस ने चलाया सर्च अभियान
शुक्रवार
को पुलिस ने श्री हरमंदिर साहिब के पास स्थित विभिन्न होटलों और सरायों में
सर्च अभियान चलाया। सुरक्षा प्रबंधों के मद्देनजर पुलिस कमिश्नर कार्यालय
की सिक्योरिटी ब्रांच और ओएसआई ब्रांच को अस्थायी तौर पर पुलिस लाइन में
शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं से सुरक्षा संबंधी सभी आदेश जारी हो रहे हैं।
एसीपी सेंट्रल का कार्यालय भी रामबाग की इमारत से थाना कोतवाली में शिफ्ट
हो गया है। एसीपी सेंट्रल अमनदीप सिंह बराड़ थाना कोतवाली से सुरक्षा
प्रबंधों की कमान संभाले हुए हैं।
लुधियाना में अलर्ट घोषित, बढ़ाई सुरक्षा
लुधियाना।
ऑपरेशन ब्लू स्टार के 31 साल पूरे होने पर जिला पुलिस प्रशासन की तरफ से
लुधियाना में अलर्ट घोषित कर दिया है। इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर
दिए गए हैं। पुलिस ने दूसरे जिलों से भी पांच सौ पुलिस कर्मियों को बुलवाया
है। ऑपरेशन ब्लू स्टार के 31 साल पूरे होने पर सिख संगठनों ने शहर में
अलग-अलग जगहों पर मार्च निकालने की अपील की गई है। इसका हिंदू संगठनों ने
पुरजोर विरोध किया था।
इसके लिए हिंदू संयुक्त मोर्चा की एक मीटिंग वीरवार
को प्राचीन संगला वाला शिवाला में की गई। इस दौरान फैसला लिया गया कि हिंदू
संगठन इस मार्च का विरोध करेंगे। इसके लिए हिंदू संगठन शनिवार सुबह साढ़े
नौ बजे चौड़ा बाजार में इकट्ठा होंगे।