स्थानीय थाना सिटी के सामने वीरवार को एक व्यक्ति ने खुद पर पेट्रोल डालकर खुदकशी करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। पीड़ित आरोप लगा रहा था कि पुलिस उससे मारपीट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही। इसके बाद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने लाई और उनपर तुरंत मामला भी दर्ज कर दिया।
थाना सिटी के गेट के सामने मोहल्ला निवासियों के साथ आए चतर सिंह काला ने बताया कि 30 मई को वह गुरुद्वारा साहिब से सेवा कर अपने घर जा रहा था कि जसवीर सिंह डिंपल, उसके भाई दीपक कुमार उर्फ हैप्पी, विक्की, गेला, सुखी, गब्बर ने उससे मारपीट की और उसके टैंपो का शीशा तोड़ दिया।
सिटी पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपियों ने उसे मारने की धमकियां दी। थाना सिटी के प्रभारी कुलदीप सिंह विर्क ने बताया कि चतर सिंह उर्फ काला के बयान पर जसबीर सिंह, सुखवंत सिंह सुखी, अमनदीप सिंह गोला, हैप्पी सिंह और विक्की सिंह के खिलाफ रास्ते में घेरकर मारपीट करने और टैंपो की तोड़फोड़ करने के आरोप में मामला दर्ज कर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी की तलाश की जा रही है।