पठानकोट के वार्ड 36 में बंद पडे़ ट्यूबवेल के पास रोष जताते अमित मिठू व मोहल्लावासी।
- फोटो : amarujala
गर्मी बढ़ने के साथ पानी की किल्लत भी बढ़ गई है। आए दिन कोई न कोई वार्ड पानी न मिलने की समस्या से परेशान दिख रहा है। पिछले 5 दिन से पानी का संकट झेल रहे वार्ड नंबर 36 के निवासियों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा। पानी की किल्लत से नाराज लोगों ने खाली बाल्टियां लेकर रोष प्रदर्शन किया और विधायक अश्वनी शर्मा और मेयर अनिल वासुदेवा के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी भड़ास निकाली।
युवा कांग्रेसी नेता अमित मिठू की अगुवाई में वार्ड के बाशिंदों ने पहले रोष रैली निकाली। रोष रैली वार्ड के बंद पडे ट्यूबवेल के पास जाकर खत्म हुई। यहां प्रदर्शन के दौरान कैलास, राकेश, सुरिंद्र कुमार, नीलम, पुष्पा चोपड़ा, रीटा सैनी, अरुण सैनी, रजनी, सुषमा, रचना, रितु, मीरा ने बताया कि पिछले पांच दिन से वार्ड के मोहल्ला सैनगढ़ में पानी नहीं आ रहा।
इससे मोहल्ले के 200 परिवारों का जीना मुहाल हो गया है। ट्यूबवेल बंद पड़ा है। मेयर से वार्ड के दो कुओं की सफाई कराने के लिए कहा गया था। इस ओर भी कोई ध्यान नहंी दिया गया। उन्होंने कहा कि पानी के पाइप जर्जर हो गए हैं।
वहीं कई नाजायज रूप से लगाए गए कनेक्शनों के कारण पानी की सप्लाई सही तरह से नहीं हो पाती है। अमित मिठू व मोहल्लावासियों ने कहा कि यदि दो दिन में पानी की सप्लाई सुचारु न की गई तो विधायक अश्वनी शर्मा के घर का घेराव कर रोष प्रदर्शन किया जाएगा।