गांव फिरोजपुर कलां में शराब की अवैध बिक्री के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन किया। साथ ही नारेबाजी कर प्रदेश सरकार का पुतला भी फूंका। साथ ही चेतावनी दी पांच दिन के अंदर मामले में कार्रवाई न की गई तो डीसी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
अगुवाई कर रहे प्रदेश कांग्रेस सचिव साहिब सिंह साबा ने कहा कि गांव व आसपास चार जगहों पर शराब ठेका की अवैध ब्रांचें चल रही हैं। गांव में गली-गली अवैध शराब की बिक्री हो रही है। इससे गांव की युवा पीढ़ी शराब की लत का शिकार हो रही है वहीं गांव कामाहौल खराब हो रहा है। शाम के समय शराबियों के जमघट के कारण महिलाओं को गुजरना मुश्किल हो जाता है। वहीं मारपीट की घटनाओं के कारण घरों को माहौल खराब हो रहा है।
उन्होने कहा कि पिछले वर्ष भी गांव में अवैध ब्रांच को संघर्ष कर बंद करवाया गया था। अब दोबारा ब्रांचें खुल गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन को पता होने के बावजूद इन ब्रांचों को बंद करवाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
उन्होंने कहा कि एक तरफ पंजाब सरकार व पुलिस प्रशासन की ओर से गांव गांव में नशों के प्रति जागरूकता सेमिनार लगाकर लोगो को नशे के प्रति जागरूक किया जा रहा है जबकि दूसरी तरफ गांव में अवैध ब्रांचों से सरेआम नियम कानूनों को ताक पर रखकर शराब की बिक्री की जा रही है।
गांव में स्कूल व हनुमान मंदिर के थोड़ी दूरी पर ही शराब की बिक्री हो रही है। इससे गांव के लोगों में रोष की लहर है। उन्होंने कहा कि पांच दिन के भीतर इन अवैध ब्रांचों को बंद न करवाया गया तो डीसी दफ्तर के समक्ष धरना दिया जाएगा। इस मौके पर विकास शर्मा, रवि कुमार, राजेंद्र शर्मा, बावा सिंह, विकास किरण, पुष्पा देवी, अर्चना देवी, तारा रानी, केवल कृष्ण, ज्योति शर्मा, रवि कुमार ,राजीव शर्मा, संजीव सिंह, छज्जू राम मौजूद थे।