श्री दरबार साहिब में लगे पोस्टर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने श्री हरमंदिर साहिब की पवित्र परिक्रमा और उसके आसपास टिक-टॉक वीडियो बनाने पर रोक लगाने के लिए जगह-जगह पोस्टर लगा दिए हैं। श्री हरमंदिर साहिब परिसर के चारों दिशाओं में स्थित छबीलों के बाहर और पिन्नी प्रसाद खरीदने के स्थान के शीशे के मुख्य गेट के बाहर यह पोस्टर लगाए गए हैं। सभी मुख्य प्रवेश मार्गों और कड़ाह-प्रसाद की देग मिलने के स्थान पर भी यह पोस्टर चस्पा किए गए हैं।
दुखभंजन बेरी और गुरु श्री रामदास लंगर हॉल की तरफ भी इस तरह के पोस्टर लगे हैं। इन पोस्टरों पर जहां टिक-टॉक का लोगो छपा है, उस पर क्रॉस का निशान लगाया गया है। इसके नीचे अंग्रेजी और पंजाबी में लिखा गया है कि यहां पर टिक-टॉक बनाना मना है। इसके साथ ही परिक्रमा में सेवा निभाने वाले सेवादारों ने शनिवार को कुछ युवकों के मोबाइल की जांच की ताकि कोई टिक-टॉक न बना पाए।
याद रहें कि जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने एक दिन पहले ही श्री हरमंदिर साहिब परिक्रमा में टिक-टॉक बनाने में हो रही बढ़ोतरी पर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि एसजीपीसी नौजवान श्रद्धालुओं को श्री हरमंदिर साहिब में मोबाइल फोन ले जाने पर पाबंदी लगाने पर विचार कर सकती है। जत्थेदार के इस सुझाव के 24 घंटे बाद ही एसजीपीसी ने टिक-टॉक की वीडियो न बनाने के लिए श्रद्धालुओं को जागरूक करने की दिशा में पहला कदम उठाया है।