पंजाब के अमृतसर स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) में निहंग तलवार लेकर घुस गया था। आरोपी निहंग को अमृतसर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए इसकी वजह भी बताई है।
भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) में तलवार लेकर घुसने और कलाई काटने की धमकी देने के आरोप में थाना छेहरटा की पुलिस ने निहंग को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी निहंग की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ बिट्टू निवासी काले घन्नुपुर के रूप में हुई है। आरोपी आईआईएम में तलवार लेकर घुस गया था और वहां पर तंबाकू, बीड़ी और सिगरेट का सेवन करने वालों को धमकियां देने लगा कि जो कोई भी इनका सेवन करेगा, वह उसकी कलाई काट देगा। इस घटना की विद्यार्थियों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी।
विज्ञापन
सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीसीपी हरप्रीत सिंह मंडेर और एडीसीपी नवजोत सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज कर लिया है। नफरत भरी भाषा बोलने, कानून हाथ में लेने और लोगों में भय पैदा करने की धाराएं लगाई गई है। पूछताछ में आरोपी ने कहा कि गुरु नगरी में तंबाकू बेचने वालों और इस्तेमाल करने वालों को नहीं रहने देगा।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को निहंग गुरप्रीत सिंह बिट्टू ने आईआईएम कैंपस में घुसकर पहले सुरक्षाकर्मी को पीटा और फिर तलवार लेकर स्टूडेंट्स से भरी बस में सवार हो गया। आरोपी ने विद्यार्थियों और बस चालक को धमकाया कि अगर किसी ने यहां तंबाकू, सिगरेट और बीड़ी का सेवन किया तो वह उसकी कलाई तलवार से अलग कर देगा।