संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। त्योहारों में पंजाब को दहलाने की साजिश को अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाम कर दिया है। पुलिस ने तरनतारन निवासी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी उर्फ मिल्खा को गिरफ्तार कर उससे दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं।
तीन दिन पहले पुलिस ने रविंद्र सिंह उर्फ रवि नाम के तस्कर को गिरफ्तार कर दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए थे। उसी से पूछताछ के आधार पर हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को नामजद किया गया था। इस मामले में अब तक चार हैंड ग्रेनेड की बरामदगी हो चुकी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी हरप्रीत सिंह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के हैंडलर्स के संपर्क में था। उसे यह विस्फोटक सामग्री सीमापार से भेजी गई थी। एसएसपी मनिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं जिनके आधार पर सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हैं। इस संबंध में थाना घरिंडा में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीमें अब यह पता लगाने में लगी हैं कि इस आतंकी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं। इसका भी पता लगाया जा रहा है कि पाकिस्तान से यह खेप किन चैनलों के माध्यम से भारत लाई गई थी। एसएसपी ने कहा कि राज्य में आतंकवाद फैलाने की किसी भी कोशिश को सख्ती से नाकाम किया जाएगा।