सरायों के कमरों की तीन बार हुई चेकिंग, आप्रेशन ब्लू स्टार की बरसी के कारण संगत की संख्या हुई कम
पुलिस कर्मियों के साथ एसजीपीसी ने तैनात किए अपनी टास्क फोर्स के भी कर्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। छह जून को ऑपरेशन ब्लू स्टार की 39 वीं बरसी पर श्री हरिमंदिर साहिब परिसर के आसपास और परिसर में चप्पे चप्पे पर सुरक्षा कर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
हरिमंदिर साहिब के अंदर भी सादी वर्दी में पुलिस तैनात की गई है। पुलिस की ओर से सोमवार को अलग अलग सरायों के प्रवेश द्वार पर सादे कपड़ों में सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए। वहीं कमरों की भी एसजीपीसी टास्क फोर्स के सदस्यों के सहयोग से पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस कर्मचारियों ने सोमवार शाम को सरायों के कमरों में ठहरे हुए लोगों से भी बार बार पूछताछ की। पुलिस कर्मचारियों ने संदिग्ध लोगों के समान की भी चेकिंग करने के साथ साथ व्यक्तिगत रूप से तलाशी की।
सरायों के मैनेजर गुरप्रीत सिंह ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एसजीपीसी व पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। एसजीपीसी की ओर से पुलिस को सुरक्षा के मामले में पूरा सहयोग दिया जा रहा है। ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के कारण श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने वाले संगत की संख्या में रविवार और सोमवार काफी कमी दर्ज की गई। रोजाना गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने के लिए एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचते थे, लेकिन सोमवार को संगत की संख्या 40 से 50 हजार के करीब रही है। सरायों में रोजाना छह हजार से अधिक यात्री ठहराव करते थे, परंतु अभी 2500 श्रद्धालु ही ठहरे हुए हैं।
श्री अकाल तख्त पर 6 जून को सुबह 7 बजे होने वाले मुख्य कार्यक्रम के दौरान पुलिस के 250 से अधिक सदस्य एवं एसजीपीसी के 1500 से अधिक अधिकारी व कर्मी भी किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए तैनात रहेंगे। एसजीपीसी ने अपने कर्मचारियों की छह जून को छुट्टी रद्द कर दी है। एसजीपीसी मुख्यालय के नोटिस बोर्ड में इसकी सूचना दी गई है। एसजीपीसी के कर्मियों को सफेद कुर्ता-पजामा एवं काली पगड़ी पहनकर श्री अकाल तख्त के समक्ष मौजूद रहने की हिदायत दी गई है। वहीं पुलिस के कर्मचारी महरून पगड़ी, सफेद शर्ट और काली पेंट में परिसर के अंदर तैनात रहेंगे।