संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। कमिश्नरेट पुलिस ने मंगलवार को वल्ला पशु मंडी के पास एक युवक को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन और 3 लाख 75 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद की है। आरोपी के खिलाफ मकबूलपुरा थाने में एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है।
एडीसीपी अभिमन्यु राणा ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान होशियारपुर जिला के गांव चब्बेवाल निवासी मनराज सिंह के रूप में बताई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पुलिस पार्टी गश्त करते हुए मेहता रोड स्थित पशु मंडी के पास मौजूद थी। इस बीच की जा रही चेकिंग के दौरान आरोपी मनराज को काबू किया गया। इसकी तलाशी लेने पर इसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन तथा 3 लाख 75 हजार रुपये ड्रग मनी बरामद हुई। एसीपी गुरप्रताप सिंह सहोता ने बताया कि आरोपी को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।