ऑस्ट्रेलिया से अमृतसर आए एनआरआई सुनील शर्मा की गुमशुदगी का मामला हत्या में बदल गया है। अमृतसर देहाती पुलिस ने करीब 15 दिन की जांच के बाद सुनील शर्मा की हत्या के आरोप में उनके सगे भाई सतीश शर्मा उर्फ सन्नी, उसकी पत्नी, बेटे और एक प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया है।
घर की मरम्मत के लिए पहुंचे थे अमृतसर
पुलिस जांच में सामने आया है कि संपत्ति पर कब्जा करने के लिए सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया। एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि सुनील शर्मा ऑस्ट्रेलिया के नागरिक थे और अपने अमृतसर स्थित पैतृक घर की मरम्मत और रंगाई-पुताई के लिए पंजाब आए थे। 22 मई के बाद उनसे संपर्क नहीं हो रहा था। उनके दोस्त गौरव कंधारी और अन्य परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने सतीश शर्मा उर्फ सन्नी निवासी बिल्यू सिटी, उसकी पत्नी अनुष्का शर्मा, बेटे सुनीश शर्मा और प्रॉपर्टी डीलर लछमन सिंह उर्फ बल्ल निवासी आरबी एस्टेट को गिरफ्तार कर लिया। मामले में प्रॉपर्टी डीलर मनजिंदर सिंह निवासी महिमूदपुर और जज्जबीर सिंह उर्फ बाबा निवासी भगूपुर अभी फरार हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि सतीश शर्मा ने अपने भाई सुनील शर्मा की अमृतसर स्थित कोठी और मोहाली सहित परिवार की अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने की नीयत से प्रॉपर्टी डीलर मनजिंदर सिंह, जज्जबीर सिंह और लछमन सिंह के साथ मिलकर साजिश रची थी। आरोपियों ने पहले संपत्ति से जुड़े दस्तावेज तैयार करवाए और बाद में सुनील शर्मा को कोठी बेचने के बहाने अमृतसर बुलाया।