पठानकोट में दुकानदारों के चालान काटती निगम की टीम।
- फोटो : amarujala
नगर निगम की टीम ने शहर के मुख्य बाजारों में शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अतिक्रमण पाए जाने पर निगम टीम ने दुकानों के आगे से सामान उठाने के साथ-साथ चालान भी काटे।
सुपरिंटेंडेंट इंदरजीत सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सिविल अस्पताल रोड, डाकखाना चौक, वाल्मीकि चौक व गांधी चौक में अतिक्रमण को हटाया और कुल 26 चालान काटे। दुकानदारों का विरोध भी निगम टीम को सहना पड़ा, लेकिन निगम अधिकारियों ने दुकानदारों से इस अभियान में पूरा सहयोग करने और नियमों की पालना करने की बात कही।
इस दौरान सुपरिंटेंडेंट इंदरजीत सिंह ने बताया कि जिलाधीश अमित कुमार के निर्देशों पर यह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य शहर के ट्रैफिक संचालन में पेश आ रही मुश्किलों का हल करना है। दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण जहां वाहनों की आवाजाही में दिक्कत आती है, वहीं पैदल चलने वालों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए निगम की ओर से विभिन्न बाजारों और मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है। इसमें 26 दुकानों के चालान काटे गए हैं। इस दौरान चीफ सेनेटरी विक्रमजीत, दीपक, मंदीप सिंह मौजूद थे।