एनआईए टीम अस्पताल में शवगृह में जाते हुए।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पिछले करीब चार महीनों से सिविल अस्पताल में पड़े पठानकोट एयरबेस हमले में शामिल 6 आतंकवादियों के शवों का निरीक्षण करने के लिए दिल्ली से एनआईए टीम पहुंची।
उनके साथ एनएफएसएल (नेशनल फोरेंसिक साइंस लैब) के अधिकारी भी थे। इस दौरान उनकी ओर से एसएमओ डा. भूपिंदर सिंह की देखरेख में शवों की जांच की गई तथा इसकी रिपोर्ट बनाई गई।
टीम बुधवार बाद दोपहर 4:30 बजे पहुंची और शवगृह में जाकर शवों का निरीक्षण किया गया। जांच टीम के आने पर डिवीजन नंबर-1 के थाना प्रभारी व अतिरिक्त पुलिस कर्मी भी तैनात थे। एसएमओ डा. भूपिंदर सिंह ने बताया कि टीम द्वारा निरीक्षण कर रिपोर्ट बनाई गई है। हमारी ओर से जल्द शवों को यहां से शिफ्ट करने के लिए कहा गया है लेकिन टीम द्वारा इस संबंधी कुछ नहीं कहा गया।
वहीं यदि सूत्रों की मानें तो टीम की ओर से जल्द ही इन शवों को आने वाले दिनों में यहां से शिफ्ट किया जा सकता है। वहीं शवों के डीएनए की जांच की गई है और सैंपल लिए गए हैं, लेकिन अभी अधिकारियों की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है।