टिप्पर की टक्कर से यादगारी गेट टूटने पर शहीद सैनिक परिवार सुरक्षा परिषद ने रोष प्रदर्शन किया। थाना तारागढ़ पुलिस ने टप्पर चालक की ओर से गेट बनवाने का समझौता कराकर मामला शांत कराया।
राष्ट्रीय राजमार्ग परमानन्द तंगोशाह रोड पर 1971 के भारत पाक युद्ध के शहीद मेजर कुलबीर सिंह राणा की याद में गेट बना है। इस गेट को तेज रफ्तार टिप्पर ने टक्कर मार दी। इससे पूरा शहीदी गेट ध्वस्त हो गया।
प्रदर्शन कर रहे जिला एनआरआई संघ के अध्यक्ष एनपी सिंह, नंबरदार युवराज सिंह, कैप्टन जगदीश सिंह, सूबेदार शक्ति पठानियां, सूबेदार मेजर शाम सिंह, सुलक्खन सिंह, पूर्व सरपंच ठाकुर ज्ञान सिंह, रिटायर्ड डीएसपी प्रेम सैनी, नंबरदार रछपाल सिंह, बलराम सिंह, संजीव सलारिया, वजीर सिंह, सूबेदार बलविन्द्र सिंह, विक्की सलारिया ने आरोप लगाया यह हादसा टिप्पर ड्राइवर की गलती से हुआ।
उसने टिप्पर की लिफ्ट को ऊपर की तरफ उठाया हुआ था इससे टिप्पर का पिछला हिस्सा शहीदी गेट के ऊपरी हिस्से से टकरा गया। टिप्पर की गति तेज होने से पूरा गेट उखड़ कर टिप्पर पर ही गिर गया।
स्थानीय लोगों ने टिप्पर ड्राइवर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंचे तारागढ़ थाना प्रभारी इकबाल सिंह ने बताया समझौता करा दिया गया है। समझौते के तहत ट्रक चालक दस जुलाई से पहले गेट बनवा देगा।