संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। श्री अकाल तख्त साहिब पर पांच तख्तों के सिंह साहिबान की बैठक 30 अगस्त को हो रही है। इस विशेष व महत्वपूर्ण बैठक में शिरोमणि अकाली दल बादल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ पांच सिंह साहिबान सख्त धार्मिक एक्शन लेकर धार्मिक सजा सुना सकते हैं।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बाद पर बागी अकालियों ने एक जुलाई को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाए थे कि अकाली दल की सरकार के दौरान विभिन्न धार्मिक गलतियां की गई हैं। इसके लिए अकाली दल का नेतृत्व पूरी तरह जिम्मेदार है। सरकार में सुखबीर बादल डिप्टी सीएम थे। इस लिए सुखबीर बादल के खिलाफ श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से सख्त धार्मिक सजा सुनाई जाए। वहीं, बागी अकाली व विरोधी पंथक नेताओं की मांग थी कि श्री अकाल तख्त साहिब के सजा सुनाए जाने के पहले सुखबीर बादल को अकाली दल के अध्यक्ष पद से हटाया जाए। इसके चलते व विरोधी अकालियों के विरोध को मुख्य रख अकाल तख्त साहिब पर पेश होने से एक दिन पहले सुखबीर बादल ने अकाली दल के अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दिए बिना ही अकाली नेता बलविंदर सिंह भूंदड़ को अकाली दल बादल का कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त कर दिया और एलान किया कि वह अकाल तख्त साहिब पर पांच सिंह साहिबान के समक्ष पेश होकर मिलने वाली धार्मिक सजा को स्वीकार करेंगे।
90 लाख के विज्ञापनों पर भी सुनाया जाएगा फैसला
पांच सिंह साहिब की ओर से अकाली दल के नेतृत्व को सुनाई जाने वाली सजा अकाली दल बादल के राजनीतिक व पंथक भविष्य को तय करेगी। इस लिए कोई विवाद और न बढ़े इसको मुख्य रख सुखबीर बादल ने भूंदड़ को पार्टी का वर्किंग अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। बैठक में पांच सिंह साहिब की ओर से सुनाए जाने वाले फैसले पर सारी सिख कौम का ध्यान है। क्या सजा सुनाए जाने के दौरान कोई पक्षपात होता है या फिर निष्पक्षता से पांच सिंह साहिबान कोई फैसले ले पाते है। इस बैठक में डेरा सिरसा के मुखी राम रहीम सिंह को अकाल तख्त साहिब से माफ किए जाने को लेकर एसजीपीसी की ओर से दिए गए 90 लाख के विज्ञापनों पर भी पांच सिंह साहिब अपना फैसला सुनाएंगे।