लोगों ने इसकी जानकारी दमकल विभाग और पुलिस को दी। वहीं आग में फंसे लोगों ने बचाव के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। दमकल विभाग और रंजीत एवेन्यू थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की बिजली आपूर्ति बंद की। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद बहुमंजिला इमारत में लगी आग से फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया।
दमकल विभाग के कर्मियों ने आग पर पानी की बौछार कर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग लगातार बढ़ती गई। गनीमत यह रही कि कर्मचारियों ने सभी लोगों को सलामत निकाल लिया। वहीं फैलती आग रोकने के लिए दमकल विभाग के कर्मियों ने एयरफोर्स स्टेशन और खन्ना पेपर मिल से भी पानी की गाड़ियां मंगवाईं।
तीन बजे तक सभी स्टेशनों से 10 गाड़ियां पहुंच गईं लेकिन आग तब तक दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंच चुकी थी। फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए इमारत के सामने और पिछले हिस्से से पानी की बौछारें कीं। करीब सवा घंटे में इमारत की पहली मंजिल पर आग पर काबू पा लिया।
मगर तेज हवाओं के कारण पानी ऊपरी मंजिल तक नहीं पहुंच पा रहा था। यह आग चौथी और पांचवीं मंजिल तक पहुंच गई। इस बीच एयरफोर्स के कुछ जवान सीढ़ियों के रास्ते इमारत की पहली और दूसरी मंजिल तक पहुंचे और आग बुझा रही टीम के सदस्यों को जानकारी दी। इसके बाद एयरफोर्स के जवान इमारत की बाकी मंजिलों पर भी पहुंच गए और आग पर काबू पाया।