प्रेमी के शादी से मना करने पर गांव शेरों निवासी नर्सिंग छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर थाना सरहाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। इस मामले में पुलिस ने थाना मजीठा के गांव बल कलां निवासी रजिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बलविंदर कुमारी ने बताया कि उसके पति का देहांत हो चुका है। उसकी 23 वर्षीय बेटी गीतिका गांव उसमां स्थित माई भागो काॅलेज में नर्सिंग की छात्रा थी। बल कलां निवासी रजिंदर सिंह के साथ गीतिका की दोस्ती थी। गीतिका के मोबाइल पर रजिंदर सिंह अक्सर बात करता रहता था। वह दो-तीन बार उनके घर आकर खाना भी खा चुका था।
बलविंदर कुमारी ने बताया कि जब उसे पता चला कि यह दोनों एक-दूसरे को पसंद करते हैं तो उसने विवाह की सहमति जताई। गीतिका शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे काॅलेज से घर आई। उसने बताया कि रजिंदर ने उसके साथ शादी करने से मना कर दिया है। बलविंदर कुमारी ने बताया कि उसने बेटी को समझाया और दुकान पर चली गई। शाम को घर वापस लौटी तो गीतिका का शव फंदे पर लटका था। थाना सरहाली के प्रभारी बिंदरजीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।