कैप्टन अमरिंदर सिंह ने निर्माण कार्यों का लिया जायजा।
- फोटो : अमर उजाला
गुरुवार को कॉरिडोर पर पहुंचे सीएम ने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों से कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि नौ नवंबर तक सभी काम पूरे कर लिए जाएंगे। अधिकारियों से मीटिंग के बाद कैप्टन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह आज मुख्य तौर पर किए गए प्रबंधों का जायजा लेने पहुंचे हैं।
अधिकारियों ने उन्हें बताया है कि सब काम ऑन शेड्यूल हैं और आने वाले 9 दिनों तक सभी प्रबंध पूरे कर लिए जाएंगे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, शिक्षा एवं पीडब्लयूडी मंत्री विजय इंद्र सिंगला और कांग्रेसी विधायक मौजूद रहे। निर्माण कार्यों का जायजा लेने के लिए सीएम का यह दूसरा दौरा था।
सीएम ने टेंट सिटी के प्रबंध भी देखे
डेरा बाबा नानक में होने वाले समागमों में आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने का प्रबंध 30 एकड़ में फैली सुविधाओं से लैस टेंट सिटी में किया गया है। टेंट सिटी में 3500 श्रद्धालुओं के ठहरने का प्रबंध है। गुरुवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्य पंडाल के साथ-साथ टेंट सिटी का भी निरीक्षण किया और प्रबंधों पर संतुष्टि जताई।
मुख्य पंडाल में 30 हजार संगत के एकत्रित होने की क्षमता है। 8 से 11 नवंबर तक चलने वाले चार दिवसीय डेरा बाबा नानक उत्सव के हर दिन इतनी संख्या में संगत के जुड़ने की संभावना है। टेंट सिटी का प्रोजेक्ट 4.2 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है जिसमें यूरोपीय तरीके की रिहायश भी बनाई गई है।
जहां 6-6 व्यक्ति ठहर सकते हैं। 140 अलग बाथरूम बनाए गए हैं। हर स्विस कोटेज में दो व्यक्ति ठहर सकते हैं जिसके साथ बाथरूम भी अटैच होगा। इस टेंट सिटी में कुल 3544 व्यक्ति ठहर सकते हैं जिनमें से 26 यूरोपियन स्टाइल, 10 स्विस कोटेज और 2 दरबार टेंट सिविल अफसरों और कर्मचारियों के लिए होंगे।
यूरोपियन तरीके वाली टेंट सिटी में हरेक के लिए वेस्टर्न स्टाइल के शौचालय/वॉशरूम की सुविधा मुहैया करवाई गई है। पुलिस अफसरों/मुलाजिमों के लिए 56 यूरोपियन स्टाइल टेंट, 8 स्विस कोटेज और दो दरबार टेंट रखे गए हैं और हरेक यूरोपियन टेंट के लिए 17 शौचालय/वॉशरूम की सुविधा मुहैया करवाई गई है। इस टेंट सिटी में रजिस्ट्रेशन रूम, जोड़ा घर, गठरी घर, वीआईपी लॉज और फायर स्टेशन समेत अन्य भी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बुकिंग या रजिस्ट्रेशन की सुविधा मुफ्त होगी। ऑनलाइन बुकिंग 2 नवंबर से शुरू होगी।