-पिता सरबजीत सिंह बोले- इस जीत से आगामी मुकाबलों के लिए बढ़ेगा उत्साह
-
अमृतसर। पेरिस ओलंपिक में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो शानदार गोल ने भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-2 से जीत दिलाई। भारत ने शुरू से ही इस मैच में बढ़त बनाए रखी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ओलंपिक में 52 साल बाद मिली जीत ने तिम्मोवाल गांव के लोगों और हरमनप्रीत के परिवार के सदस्यों को खुशी से भर दिया।
हरमनप्रीत ने मैच में मिले मौकों को हाथ से जाने नहीं दिया। उनके पिता सरबजीत सिंह ने कहा इससे भारतीय टीम का उत्साह और बढ़ेगा। आने वाले मुकाबलों में भारतीय टीम और जोश के साथ खेलेगी। मैच से पहले हरमनप्रीत के घर पर कई पड़ोसी और रिश्तेदार मैच देखने के लिए जमा हुए थे।
टीम में अमृतसर के पांच खिलाड़ी शामिल हैं इनमें हरमनप्रीत, खलियारा के गुरजंट सिंह, बाबा बकाला के जर्मनप्रीत सिंह, अटारी के शमशेर सिंह और जुगराज सिंह। हरमनप्रीत और जर्मनप्रीत को डिफेंडर, शमशेर को मिडफील्डर, गुरजंत को फॉरवर्ड और जुगराज को वैकल्पिक खिलाड़ी के तौर पर चुना गया है। शमशेर के पिता हरदेव सिंह, एक किसान हैं। उन्होंने कहा कि न केवल उनका परिवार बल्कि अटारी का पूरा सीमावर्ती गांव इस बात से खुश है कि गांव के दो युवा पेरिस में देश के लिए खेल रहे हैं। गुरजंत के पिता बलदेव सिंह ने कहा कि पूरे गांव को उम्मीद है कि युवा लड़के ओलंपिक में पदक जरूर जीतेंगे। टीम में चार खिलाड़ी जालंधर के भी हैं।