बल कलां में सोमवार रात हुई वारदात, हत्या के पीछे की वजह तलाश रही पुलिस
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। थाना कंबो के गांव बल कलां में सोमवार रात एक खौफनाक वारदात हुई। मामूली कहासुनी के बाद एक दोस्त ने अपने ही दोस्त की जान ले ली। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है। वह शादीशुदा था और उसकी दो बेटियां हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार रात बिक्रमजीत सिंह की अपने एक दोस्त से कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान दोस्त ने बिक्रमजीत सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना कंबोह की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में दोस्तों के बीच विवाद की बात सामने आई है। पुलिस अभी विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं कर पाई है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या अचानक हुए विवाद का पता जांच के बाद चलेगा।