बरामद सामान के साथ अमृतसर देहात की पुलिस टीम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर देहात पुलिस ने कस्बा राजासांसी के गांव कोटली सक्का में अवैध शराब फैक्टरी का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से अवैध शराब बनाने के काम आने वाला 1830 किलो गुड़, 12 भट्ठियां,12 तिरपाल, 24 ड्रम, 20 केन, 12 गैस सिलिंडर, 4 बाइक और दो गाड़ियां और 3 लाख 60 हजार एमएल अवैध शराब, एक लाख 26 हजार किलो लाहन बरामद की है।
पुलिस ने गांव में शुक्रवार शाम छह बजे से लेकर शनिवार सुबह तीन बजे तक तलाशी अभियान चलाया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरसेवक सिंह, गुरबीर सिंह, भगवंत सिंह व बलविंदर सिंह के तौर पर हुई हैं। एसएसपी (देहात) ध्रुव दहिया ने बताया उन्होंने खुद सर्च अभियान की अगुवाई की।
अभियान में देहात पुलिस के 150 मुलाजिमों सहित कई अधिकारियों ने हिस्सा लिया। गांव के कई घरों में छापे मारे गए। गिरफ्तार आरोपियों के घरों में ही भट्टियां चल रहीं थीं। अवैध शराब को जिला अमृतसर, गुरदासपुर व अन्य जिलों में सप्लाई करने वाली दो गाड़ियां भी पकड़ी गईं।
एसएसपी के अनुसार आरोपियों ने अवैध शराब रखने के लिए घरों में पक्के कंक्रीट के होंद बना रखे थे। गांव के बाहर नहर के किनारे छिपाकर रखी भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। अवैध शराब बनाने के लिए गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जाता था। एसएसपी ने बताया की अवैध शराब से बनाई गई संपत्ति की पहचान कर जब्त करने की कर्रवाई शुरू की जाएगी।
पुलिस ने बंधक बनाए गए दो मजदूरों को छुड़ाया
एसएसपी के अनुसार पुलिस ने आरोपी गुरसेवक सिंह के कब्जे से दो प्रवासी मजदूरों को भी रिहा करवाया है। गुरसेवक सिंह इन दोनों प्रवासी मजदूरों को बंधक बना कर अवैध शराब की भट्ठियों में काम करवा रहा था। दोनों प्रवासी मजदूर बोलने और सुनने मे असमर्थ हैं। पुलिस ने गुरसेवक सिंह के विरुद्ध मजदूरों को बंधक बनाने व मजदूरी करवाने का एक अन्य मामला भी दर्ज किया है। गुरसेवक सिंह के विरुद्ध पहले से पांच और भगवंत सिंह के खिलाफ दस आपराधिक मामले दर्ज हैं।