शहर के रामानंद बाग में एक होटल मालिक ने वीरवार को शाम अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची बी डिवीजन थाना की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं एक अन्य मामले में छेहरटा इलाके में युवक ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।
जानकारी के मुताबिक संजय बिंद्रा नामक व्यक्ति रामानंद बाग में ओम साईं नाम से होटल चलाते थे। वीरवार को देर शाम होटल के कमरे में उन्होंने अचानक ही अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुन स्टाफ सकते में आ गया और तुरंत बिंद्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही एसीपी जसप्रीत सिंह और बी डिवीजन के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। हालांकि पीड़ित परिवार ने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया। इंस्पेक्टर सिंह ने बताया कि संजय बिंद्रा पिछले कुछ दिनों से परेशान थे। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवक ने फंदा लगाकर दी जान
दूसरी तरफ छेहरटा के घनूपुर इलाके में जसजीत सिंह नामक युवक ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय उसकी मां अपनी बहन से मिलने गई हुई थी। इस दौरान वह अपने घर के पास जान पहचान के एक दवा विक्रेता से उसका मोबाइल फोन लेकर आया कि उसने अपनी मां के साथ बात करनी है। काफी समय बाद जब वह फोन देने नहीं आया तो दुकानदार एक लड़के को साथ लेकर फोन लेने जसजीत सिंह के घर पहुंचा। जब उसने ऊपर घर जाकर देखा तो उसका शव पंखे से लटका था। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर धारा 174 के तहत पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।