संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। थाना मजीठा रोड पुलिस की हिरासत में रविवार दोपहर काला पीलिया और एचआईवी से पीड़ित व्यक्ति की मौत हो गई। शनिवार रात को हालत खराब होने पर पुलिस ने उसे गुरु नानक देव अस्पताल में दाखिल करवाया था। घटना के बार में पता चलते ही परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे और फिर थाने के बाहर धरना लगाया।
पीड़ित परिवार ने करीबियों के साथ पुलिस और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि पुलिस ने उनके बेटे के खिलाफ नशा तस्करी का झूठा केस दर्ज किया है। उसने न तो कभी नशा किया न नशीले पदार्थ बेचे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 20 अगस्त को एफआइआर दर्ज की थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी को बीस ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट में पेश कर उसे अदालत ने पुलिस रिमांड पर भी भेजा था। शनिवार की रात उसकी तबीयत खराब हो गई। पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल में दाखिल करवाया। इस बीच उन्हें पता चला कि आरोपी काला पीलिया और एचआईवी से ग्रस्त है। रोग बिगड़ जाने के कारण उसकी रविवार को मौत हो गई। इंस्पेक्टर रंजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच करवाई जा रही है।