सब डिवीजन भिखीविंड के डीएसपी तरसेम मसीह, थाना खेमकरण के प्रभारी इंस्पेक्टर कंवलजीत राय मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शेरा के पिता नाजर मसीह और माता हरनाम कौर की कई वर्ष पहले मृत्यु हो गई थी। इसके बाद शेरा के दो भाई भी मौत के मुंह में चले गए। शेर का एक बड़ा भाई अशोक कुमार मानसिक तौर पर बीमार रहता है। दो लड़कों (एक छह और दूसरा चार वर्ष) के पिता शेरा के कंधों पर ही पूरे घर की जिम्मेदारी थी। शेरा सुबह टिफिन में रोटी लेकर कार में टैक्सी स्टैंड पर चला जाता था।
लोग बोले- साजिश के तहत की गई हत्या
मोहल्ला निवासी जागीर सिंह, कश्मीर सिंह, सेवा राम, गुलशन राम और कस्तूरी लाल ने बताया कि शेरा की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। साजिश के तहत यह हत्या की गई है। नगर पंचायत खेमकरण के पूर्व अध्यक्ष मंगत राम गुलाटी व कांग्रेस के पूर्व नेता पवन कुमार वेदी ने कहा कि शेरा के हत्यारों को गिरफ्तार किया जाए।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, नहीं मिला शेरा का मोबाइल
डीएसपी तरसेम मसीह ने कहा कि खेमकरण स्थित टैक्सी स्टैंड से लेकर आसल उताड़ टाहली तक छह किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हत्या की वजह क्या है, इस पर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक का मोबाइल फिलहाल नहीं मिल पाया। कॉल डिटेल खंगालने की जिम्मेदारी विशेषज्ञ टीम को सौंपी गई है। हत्यारे कौन हैं, यह पता तो लग ही जाएगा, साथ ही उनको जल्द दबोचने के लिए भी कार्रवाई होगी।