अमृतसर। कस्टम कमिश्नरेट के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर तैनात एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) की टीम ने बुधवार की रात दुबई से भारत पहुंची फ्लाइट की रमेजिंग (चेकिंग) दौरान 16 नंबर सीट के नीचे 93 लाख 71 हजार रुपये का सोना बरामद किया है। कस्टम अधिकारियों ने काले रंग के एडहैसिव टेप में लिप्टी दो अनक्लेमड सोने की बारों को जब्त करने के बाद कस्टम एक्ट के तहत मामले में जांच शुरू कर दी है।
कस्टम प्रवक्ता ने बताया कि इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई1428 दुबई से उड़ान भरने के बाद कल रात देर सायं 7.36 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी। सभी यात्रियों और उनके सामान की स्कैनिंग करने के बाद दुबई से भारत पहुंचे विमान की रमेजिंग (चेकिंग) की गई। इस बीच सीट नंबर 16 की सीट के नीचे काली एडहैसिव और टिश्यू में लिप्टी एसयूआईएसएसई 1 किलो फाइन गोल्ड 999.9 एएबीसी ईएसएसएवाईईयूआर एफओएनडीईयूआर 1023 के005756 और फाइन गोल्ड 999.9 कार्बन ट्रस्ट सर्टिफाइड ईएसएसएवाईईयूआर फाउंडर 1123 डी517934 दो बार मिली। दोनों बारों का कुल वजन एक किलो 499 ग्राम पाया गया। इस सोने की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 93 लाख 71 हजार और 875 रुपये आंकी गई। इसे कस्टम के अधिकारियों ने कब्जे में लेने के बाद कस्टम एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।