हथियार और नशा तस्करी मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : वीडियो ग्रैब
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से हथियार और हेरोइन की तस्करी करने वाले बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच आधुनिक .30 बोर पिस्तौल, दो किलो हेरोइन, पांच लाख रुपये की ड्रग मनी और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
सीमा पार से आई थी खेप
पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पंजाब सरकार की नशा और गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत यह बड़ी सफलता मिली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे तस्करों और विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे। ड्रोन के जरिए सीमा पार से भेजी गई खेप को उठाकर आगे सप्लाई करते थे।
पुलिस कर रही जांच
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिट्टू कुमार भैया, साहिब सिंह, संजीव नन्नू और संदीप सैनी के रूप में हुई है। इनमें बिट्टू कुमार भैया के खिलाफ पहले से सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पूरे तस्करी नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के साथ-साथ उनके वित्तीय नेटवर्क की भी जांच की जा रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े सभी लोगों तक पहुंचा जा सके। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे लालच में आकर अंतरराष्ट्रीय नशा और हथियार तस्करी नेटवर्क का हिस्सा न बनें, बल्कि ईमानदारी और मेहनत का रास्ता अपनाएं।