संवाद न्यूज एजेंसी
तरनतारन। बस स्टैंड तरनतारन स्थित इमिग्रेशन सेंटर पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। 50 लाख की रंगदारी न मिलने पर हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। गनीमत रही कि गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ।
फाइव स्टार इमिग्रेशन सेंटर के मालिक गांव भरोवाल निवासी परमिंदर सिंह ने कुछ महीने पहले एसएसपी को लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि उन्हें एक विदेशी नंबर से कॉल आई थी। जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को जैसल चंबल गैंगस्टर का भाई बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। सीआईए स्टाफ और थाना श्री गोइंदवाल साहिब की पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इस बीच शुक्रवार रात बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावर फोकल पॉइंट के पास बस स्टैंड तरनतारन स्थित इमिग्रेशन सेंटर के बाहर पहुंचे। उन्होंने पड़ोसियों से सेंटर मालिक की मौजूदगी के बारे में पूछा। इसके बाद हमलावरों ने दूसरी मंजिल पर स्थित इमिग्रेशन सेंटर को निशाना बनाते हुए दो फायर किए। इसके बाद भाग निकले। यह वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। तरनतारन सिटी पुलिस स्टेशन के प्रमुख इंस्पेक्टर गुरचरण सिंह ने बताया कि मामले की जांच सीआईए स्टाफ कर रहा है। तरनतारन सिटी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।