अमृतसर के थाना इस्लामाबाद के बाहर मंगलवार सुबह करीब 3:15 बजे जोरदार धमाका हुआ। धमाका होने के बाद पुलिसकर्मी और आसपास के घरों के लोग तुरंत बाहर निकल आए। धमाके के तुरंत बाद पुलिस कर्मियों ने थाने के गेट बंद कर दिए और अलर्ट हो गए। वहीं धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी। वहीं इस धमाके की जिम्मेदारी एक व्यक्ति ने ली है।
आवाज सुनाई दी थी
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि सुबह के समय थाना इस्लामाबाद के बाहर धमाका होने की आवाज पुलिस कर्मियों को सुनाई दी थी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उच्च अधिकारियों को सूचित किया और सभी अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच की। जांच दौरान किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। एक धमाके की आवाज जरूर सुनाई दी थी, फिलहाल उसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इसके अलावा पिछले दिनों जो भी थाने के बाहर धमाके हुए थे, उस संबंधी एक पूरे गैंग को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके दो-तीन साथियों को अभी गिरफ्तार किया जाना बाकी है। वह भी पुलिस रडार पर है। जल्दी उनको भी पकड़ लिया जाएगा और इस पूरे गैंग का पर्दाफाश किया जाएगा।
लगातार हो रहे धमाके
इससे पहले चार दिसंबर को थाना मजीठा में ग्रेनेड से धमाका किया गया था। उससे पहले बंद पड़ी चौकी गुरबख्श नगर में भी इसी तरह सुबह के समय ब्लास्ट हुआ था। 23-24 नवंबर की रात को थाना अजनाला के बाहर आईडी लगाकर उड़ने की योजना बनाई गई थी। इन धमकी की जिम्मेदारी विदेश में बैठे आतंकी हैप्पी पस्सियां की ओर से ली गई थी। हैप्पी पस्सियां की ओर से यह भी धमकी दी गई है कि इस तरह के धमाके पुलिस थानों में लगातार जारी रहेंगे। फिलहाल आज हुए धमाके संबंधी पुलिस अधिकारी जांच में जुट गए हैं।
जीवन सिंह नाम के व्यक्ति ने ली जिम्मेदारी
अमृतसर में थाना इस्लामाबाद में फेंके गए ग्रेनेड की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर जीवन सिंह नाम के व्यक्ति ने ली है। सोशल मीडिया ग्रुप जीवन फौजी ग्रुप में जिम्मेदारी लेने वाले ने अपने आप को बब्बर खालसा का जीवन फौजी बताया है। उसने अपनी पोस्ट में कहा के पुलिस वालों ने सरकारों के साथ मिलकर 1984 से आज तक सिखों के परिवारों पर बहुत अत्याचार किए हैं। आगे भी यह करेंगे। जिन पुलिस वालों ने सिखों को घर छुड़वा दिए हैं, उनके साथ ऐसा ही होगा। जिन पुलिस थानों की दीवारें ऊंची कर दी गई है वह भी तैयार रहें, उन्हें भी जवाब मिलेगा। जो भी पुलिस वाला अब सिखों की पगड़ी को हाथ डालेगा उसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। उसकी और उसके परिवार की उसे खुद जिम्मेदारी लेनी होगी। इस पोस्ट के नीचे बब्बर खालसा भी लिखा हुआ है।