डेरा बाबा नानक के गांव रामदीवाली में दिल दहलाने वाली घटना
बटाला। डेरा बाबा नानक के गांव रामदीवाली में कुछ लोगों ने पैसों के लेनदेन में 18 साल के बेटे के सामने ही उसके पिता को तीन बार ट्रैक्टर से रौंदकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान
46 वर्षीय भूपिंदर सिंह के रूप में हुई है।
जब आरोपी वारदात को अंजाम दे रहे थे तो उस वक्त बेटे को पेड़ से रस्सियों के साथ बांध कर रखा था। इस बारे में एसएचओ डेरा बाबा नानक सतपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों बूटा, अभी और हुसन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना बुधवार की देर शाम की है। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार हैं। डेरा बाबा नानक की पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद
पहले बेटे को बंधक बनाया, फिर पिता को फोन कर बुलाया
बेटे जसकरण सिंह ने बताया कि वह पहले गांव धर्माबाद के रहने वाले बूटा नामक व्यक्ति का ट्रैक्टर चलाता था। छह दिन ट्रैक्टर चलाने के बाद वह उनको कोई पैसा नहीं दे पाया। बुधवार को आरोपी बूटा ने पहले बेटे को पेड़ से बांध दिया और उसके पिता भूपिंदर को फोन पर कहा कि अगर वह अपना बेटा छुड़वा सकता है, तो छुड़ा ले। फोन के बाद भूपिंदर सिंह मौके पर पहुंचे, तो इसी दौरान उक्त हमलावरों ने अपना ट्रैक्टर बेटे के सामने ही भूपिंदर सिंह पर तीन बार चढ़ाया और उसे रौंद डाला। इससे भूपिंदर सिंह की मौके पर मौत हो गई।