रेल कोच फैक्टरी में फुटबाल चैंपियनशिप का शुभारंभ करते हुए मुख्य अतिथि दयाल डोगरा।
- फोटो : amarujala
रेल कोच फैक्टरी के महाराजा रंजीत सिंह स्टेडियम में दूसरी ऑल इंडिया रेलवे स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप (अंडर 17) का शुभारंभ वीरवार शाम चार बजे किया गया। रेल कोच फैक्टरी खेल संघ की ओर से आयोजित चैंपियनशिप में मुख्य अतिथि चीफ इलेक्ट्रिकल इंजीनियर और आरसीएफ खेल संघ के अध्यक्ष दयाल डोगरा रहे।
ग्रुप-ए और ग्रुप-बी में विभाजित 17 टीमों की नौ दिन चलने वाली प्रतियोगिता का फाइनल चार अगस्त को होगा। वीरवार को दो मुकाबले हुए।
पहला मुकाबला ओकग्रोव स्कूल झड़ीपानी देहरादून और एसईसीआर हायर सेकेंडरी स्कूल बिलासपुर के बीच हुआ। इसमें देहरादून की टीम ने बिलासपुर को 1-0 से हराया। देहरादून के खिलाड़ी राणा ने खेल खत्म होने के चार मिनट पहले फील्ड करके टीम को जीत दिलाई।
दूसरा मैच साउथ ईस्टर्न रेलवे इंटर कॉलेज सिनी सरायकेला झारखंड और रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल पालघाट केरल के बीच हुआ। इसमें झारखंड की टीम ने केरल को 6-0 से शिकस्त दी। शुक्रवार को दो मैच होंगे।