संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। स्थानीय लक्ष्मी विहार इलाके में एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई है। सिमरन पत्नी गुरमुख सिंह निवासी श्री गुरु हर राय एवेन्यू 27 फीट रोड मजीठा रोड ने पुलिस को बताया कि उनके पति इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे। 30 जून की शाम को 4 बजे अश्वनी कुमार निवासी लक्ष्मी विहार में उनके पति को अपने घर की बिजली सप्लाई ठीक करने के लिए बुलाया था।
उनका बेटा अंशदीप जिसकी उम्र 14 साल है। अपने पिता के साथ अश्वनी कुमार के घर चले गए वहां पर जांच करने पर पता चला कि घर में बिजली की सप्लाई में कोई रुकावट नहीं है। ट्रांसफॉर्मर से मेन सप्लाई बंद थी। उनके पति ने कहा कि पावरकाॅम में शिकायत दर्ज करवा दो। मगर अश्वनी कुमार और उसके भाई रोशन लाल ने उनके पति को जबरदस्ती में ट्रांसफार्मर पर चढ़कर बिजली ठीक करने के लिए दबाव डाला। ट्रांसफार्मर पर करंट लगने से उनके पति जमीन पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां पर उनके पति की मौत हो गई। उनके पति की मौत के लिए अश्वनी कुमार और रोशन लाल दोनों भाई जिम्मेदार हैं। थाना सदर की पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।