पंजाब के अमृतसर में एक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। दरअसल, सोमवार की देर शाम अमृतसर के स्प्रिंग डेल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी का मैसेज मिलते ही हड़कंप मच गया। यह मैसेज स्कूल के बच्चों व अभिभावकों के व्हाट्सएप ग्रुपों में भी वायरल हुआ।
स्कूल प्रबंधकों ने मामले की सूचना मिलते ही पुलिस को सूचित किया। पुलिस सूचना मिलते ही जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक डीएवी स्कूल की तरह ही मैसेज भेजा गया है। यह बच्चों की शरारत लगती है। फिलहाल हम इस पर काम कर रहे हैं। पुलिस ने स्कूल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले अमृतसर के डीएवी स्कूल में बम धमाका करने का भी मैसेज वायरल हुआ था। पुलिस के साइबर सेल ने रात को ही धमकी भरे संदेशों की जांच शुरू कर दी और तीन घंटे के भीतर मामले को सुलझा लिया था। यह मैसेज डीएवी स्कूल के ही नौवीं कक्षा के छात्रों ने भेजा था।
डीएवी के छात्रों ने अपने शिक्षक को धमकी भरे संदेश भेजे थे। नौवीं कक्षा के तीन छात्रों ने आठ सितंबर को प्रिंसिपल को धमकी भरे संदेश भेजे। संदेश में स्कूल में गोलियां मारने और बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। आपको बता दें कि एक मैसेज मोबाइल से और दूसरा मैसेज सोशल मीडिया के जरिए भेजा गया था। अब अमृतसर पुलिस स्प्रिंग डेल स्कूल के मामले में भी जांच में जुट गई है।